कंपनियां बिना IPO लाए शेयर बाजार में हो सकेंगी लिस्ट, IFSCA बदल रहा नियम
अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (IFSCA) ने एक ऐसा बड़ा प्रस्ताव रखा है, जिससे गिफ्ट सिटी में कंपनियों के शेयर बाजार में लिस्ट होने का तरीका बदल सकता है।
इसके तहत कंपनियां सीधे अपने शेयर बाजार में लिस्ट करा सकेंगी। इसके लिए उन्हें पारंपरिक आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा।
यह संस्थापकों, शुरुआती निवेशकों और कर्मचारियों के लिए बहुत अच्छी खबर है, खासकर उनके लिए, जो अपना निवेश निकालना चाहते हैं या ज्यादा लचीलापन चाहते हैं, बिना IPO की लंबी और खर्चीली प्रक्रिया से गुजरे।
प्रॉस्पेक्टस की जगह जमा करना होगा इंफो डॉक
इस प्रस्ताव का लाभ उठाने के लिए कंपनियों को कुछ शर्तें पूरी करनी होंगी। इनमें कम से कम 2 करोड़ डॉलर (करीब 190 करोड़ रुपये) का परिचालन राजस्व, 10 लाख डॉलर (करीब 9.5 करोड़ रुपये) का प्री-टैक्स प्रॉफिट या लिस्टिंग के बाद 5 करोड़ डॉलर (करीब 450 करोड़ रुपये) का बाजार पूंजीकरण होना जरूरी है। यह रकम सामान्य गिफ्ट IPO के लिए तय रकम से दोगुना है।
IPO के प्रॉस्पेक्टस की जगह उन्हें IFSCA-पंजीकृत इंवेस्टमेंट बैंकर के पास एक इंफो डॉक जमा करना होगा। लिस्टिंग के पहले दिन शेयरों की कीमतें स्वतंत्र मूल्यांकन और नीलामी के जरिए तय की जाएंगी। इस योजना पर जनता 3 अगस्त तक अपनी राय दे सकती है। IFSCA का लक्ष्य है कि गिफ्ट सिटी को एक बड़ा वैश्विक वित्तीय केंद्र बनाया जाए।