LOADING...
IDFC फर्स्ट बैंक के शेयर 20 प्रतिशत टूटने से सरकार को 1,100 करोड़ रुपये का नुकसान
IDFC फर्स्ट बैंक के शेयर टूटने से सरकार को नुकसान

IDFC फर्स्ट बैंक के शेयर 20 प्रतिशत टूटने से सरकार को 1,100 करोड़ रुपये का नुकसान

Feb 23, 2026
01:49 pm

क्या है खबर?

शेयर बाजार में आज (23 फरवरी) IDFC फर्स्ट बैंक के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। IDFC शेयर करीब 20 प्रतिशत टूटने के कारण सरकार को आज एक ही दिन में 1,100 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। शेयर NSE पर करीब 10 प्रतिशत गिरावट के साथ खुला और बाद में 20 प्रतिशत तक लुढ़क गया। इस तेज गिरावट से लाखों निवेशकों और बड़े संस्थागत शेयरधारकों की संपत्ति में भी बड़ा नुकसान दर्ज किया गया।

चिंता

590 करोड़ रुपये के फ्रॉड से बढ़ी चिंता

शेयर में यह गिरावट बैंक द्वारा 590 करोड़ रुपये के कथित फ्रॉड की जानकारी सामने आने के बाद आई है। बैंक ने बताया कि चंडीगढ़ की एक शाखा में कुछ कर्मचारियों द्वारा अनधिकृत लेनदेन किया गया। खाते बंद करने की प्रक्रिया के दौरान रकम में गड़बड़ी सामने आई। बैंक ने चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है और स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट शुरू कर दिया है, ताकि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा सके।

असर

कमाई और पूंजी पर संभावित असर

रिपोर्ट के मुताबिक, यह संदिग्ध रकम बैंक के आगामी वित्त वर्ष के मुनाफे पर असर डाल सकती है। हालांकि, बैंक की कुल नेटवर्थ पर असर सीमित रहने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही हरियाणा सरकार ने बैंक को डिपॉजिट रखने की सूची से बाहर कर दिया है। इससे निजी बैंकों में सरकारी जमा को लेकर निगरानी बढ़ने की आशंका है, जिससे निवेशकों की चिंता और बढ़ गई है।

Advertisement

नुकसान

LIC समेत निवेशकों को भारी नुकसान

शेयर में आई इस बड़ी गिरावट से निवेशकों की संपत्ति में करीब 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की कमी आई है। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) को अकेले लगभग 340 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। अन्य बीमा कंपनियों और छोटे निवेशकों की दौलत पर भी असर पड़ा है। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि शेयर का रुख फिलहाल कमजोर बना हुआ है और निवेशकों को आगे के फैसले सोच-समझकर लेने चाहिए।

Advertisement