देश की GDP जून तिमाही में एक साल के निचले स्तर पर रहने का अनुमान
रेटिंग एजेंसी इक्रा ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में भारत की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) वृद्धि दर 7 फीसदी रहने का अनुमान लगाया है।
यह वृद्धि दर पिछली तिमाही की 7.8 फीसदी से कम है और देखा जाए तो पिछले एक साल में सबसे कम है।
इस धीमी वृद्धि की मुख्य वजह सेवा क्षेत्र में आई सुस्ती को बताया गया है। हालांकि, इस दौरान उद्योग और कृषि क्षेत्र ने अच्छा प्रदर्शन जारी रखा।
पूरे वित्त वर्ष में ग्रोथ धीमी रहने की संभावना
इक्रा ने जून तिमाही के लिए उद्योग क्षेत्र की विकास दर 7.7 फीसदी, कृषि क्षेत्र की 4 फीसदी और सेवा क्षेत्र की 7.9 फीसदी रहने का अनुमान जताया है।
हालांकि, बढ़ती मजदूरी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव के कारण सेवा क्षेत्र में विश्वास पिछले 5 सालों में सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है।
आगे चलकर, इक्रा ने यह भी अनुमान लगाया है कि वित्त वर्ष 2027 में कुल ग्रोथ और धीमी हो जाएगी, लेकिन अगर, महंगाई बहुत ज्यादा बढ़ती है तो कागजों पर आंकड़े बड़े दिखाई दे सकते हैं।