AI को प्रशिक्षित करने के लिए डाटा जुटाने वाले स्टार्टअप को मिला शुरुआती निवेश
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के लिए असली दुनिया का डाटा इकट्ठा करने के लिए कामगारों को सिर और कलाई पर कैमरे लगाने की सुविधा देने वाली बेंगलुरु की स्टार्टअप ह्यूमन आर्काइव ने 82 लाख डॉलर (करीब 76 करोड़ रुपये) की सीड फंडिंग हासिल की है।
यह फंडिंग विंग वेंचर कैपिटल, NVP कैपिटल और Y कॉम्बिनेटर जैसे बड़े नामों से मिली है। दुनियाभर में निर्माण, लॉजिस्टिक्स और हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों के कामगार इन कैमरों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
कैमरों के जरिए AI होंगे प्रशिक्षित
कंपनी सिर पर लगे कैमरों से 3D फुटेज और कलाई पर लगे कैमरों से 2D हाथ की हलचल के वीडियो इकट्ठा करती है। इसका मकसद AI को सिखाना है कि इंसान असल दुनिया में कैसे चलते हैं और कैसे इंटरैक्ट करते हैं।
कंपनी संस्थापक राज पटेल का कहना है कि इससे इंसानी गतिविधियों को और बेहतर ढंग से समझा जा सकेगा। इतना ही नहीं यह भविष्य में AI को असल दुनिया के कामों के लिए कैसे तैयार किया जाएगा, इसकी पूरी रूपरेखा भी बदल सकता है।