होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क के शेयर 2 दिन में 24 फीसदी बिके, आवेदन का आज अंतिम मौका
होराइजन इंडस्ट्रियल पार्क का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) अभी तक बाजार में कोई खास हलचल नहीं मचा पाया है। लॉन्च के दूसरे दिन तक केवल 24 फीसदी शेयर ही सब्सक्राइब हुए हैं।
रिटेल निवेशकों ने इसमें सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखाई है और अपने तय कोटे का 43 फीसदी हिस्सा सब्सक्राइब कर लिया है। दूसरी तरफ, बड़े संस्थागत निवेशकों और अमीर लोगों ने इसमें पैसा लगाने से परहेज किया है। इसमें आवेदन की बुधवार (19 अगस्त) को अंतिम तारीख है।
ज्यादा मुनाफा मिलने की उम्मीद कम
कंपनी ने एक शेयर की कीमत 57-60 रुपये के बीच तय की गई है। इसके एक लॉट को खरीदने के लिए निवेशकों को कम से कम 15,000 रुपये लगाने होंगे।
ग्रे मार्केट में इसकी कीमत केवल एक रुपये ज्यादा चल रही है, इसलिए लिस्टिंग के समय ज्यादा मुनाफे की उम्मीद नजर नहीं आ रही। होराइजन ने 54 एंकर निवेशकों से पहले ही 1,167 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं, जिनमें मॉर्गन स्टेनली और सिटीग्रुप ग्लोबल जैसे बड़े नाम शामिल हैं। जुटाया गया ज्यादातर पैसा कर्ज चुकाने में इस्तेमाल होगा। शेयरों का आवंटन 20 अगस्त को हो सकता है और लिस्टिंग 24 अगस्त तक होने की उम्मीद है।