कोक-थम्स अप बनाने वाली कंपनी HCCH ला रही 9,500 करोड़ रुपये का IPO
भारत में कोक, थम्स अप और स्प्राइट जैसी मशहूर कोल्ड ड्रिंक बनाने और बेचने वाली कंपनी हिंदुस्तान कोका-कोला होल्डिंग्स (HCCH) एक बड़ा आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी में है।
यह IPO करीब एक अरब डॉलर (करीब 9,500 करोड़ रुपये) का होगा। कंपनी ने हाल ही में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) के पास जरूरी कागजात जमा किए हैं।
यह निर्गम ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा, जिसका मतलब है कि कंपनी कोई नए शेयर जारी नहीं करेगी। इसमें केवल कंपनी के मौजूदा मालिक अपने कुछ शेयर बेचेंगे।
HCCH में कोका-कोला की 60 फीसदी हिस्सेदारी
राजस्व के हिसाब से HCCH भारत में नॉन-अल्कोहलिक पेय पदार्थों की सबसे बड़ी कंपनी है। यह मुख्य रूप से दक्षिण और पश्चिम भारत में अपनी सेवाएं देती है।
इस कंपनी में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी कोका-कोला कंपनी की है, जबकि बाकी 40 प्रतिशत हिस्सेदारी जुबिलेंट भारतीय ग्रुप के पास है। कोटक महिंद्रा कैपिटल और जेपी मॉर्गन जैसे बड़े वित्तीय संस्थान इस IPO की प्रक्रिया को संभाल रहे हैं। हालांकि, यह केवल OFS है, इसलिए HCCH को इससे कोई नया फंड नहीं मिलेगा।