हिग्सफील्ड को मिली करीब 3,800 करोड़ रुपये की फंडिंग
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वीडियो और इमेज बनाने वाले प्लेटफॉर्म हिग्सफील्ड ने 40 करोड़ डॉलर (करीब 3,800 करोड़ रुपये) की सीरीज B फंडिंग हासिल की है।
DST ग्लोबल ने इस फंडिंग राउंड की अगुवाई की है। इस नई फंडिंग के साथ कंपनी का मूल्यांकन केवल 8 महीनों में 1.3 अरब डॉलर (करीब 120 अरब रुपये) से बढ़कर 5.4 अरब डॉलर (करीब 510 अरब रुपये) हो गई है। 2023 में शुरू हुई एक कंपनी के लिए यह एक बहुत बड़ी छलांग है।
कंपनी के दुनियाभर में 3 करोड़ से ज्यादा यूजर
स्नैप के पूर्व कार्यकारी अधिकारी एलेक्स मशराबोव ने इस कंपनी की शुरुआत की थी। वर्तमान में हिग्सफील्ड के दुनियाभर के 200 देशों में 3 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हैं और यह सालाना 70 करोड़ डॉलर (करीब 6,650 करोड़ रुपये) की कमाई कर रही है।
कंपनी के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का इस्तेमाल कई बड़े नाम करते हैं, जिनमें फिल्ममेकर्स के लिए खास 'सिनेमा स्टूडियो' भी शामिल है। इन बड़े नामों में 390 फॉर्च्यून 500 कंपनियां भी शामिल हैं।
हिग्सफील्ड की AI जनरेटेड फिल्मों ने कान्स और न्यूयॉर्क जैसे प्रतिष्ठित फिल्म फेस्टिवल्स में भी खूब सुर्खियां बटोरी हैं। यह नई फंडिंग कंपनी को और मजबूत बनाएगी, जिससे वह ज्यादा लोगों को नौकरी दे पाएगी, अपने उतपादों को बेहतर बना पाएगी और वीडियो बनाने की बड़ी तकनीकी जरूरतों को पूरा कर पाएगी। इन सब कदमों से कंपनी सिंथेसिया और रनवे जैसे अपने प्रतिद्वंद्वियों के साथ मजबूती से मुकाबला कर सकेगी।