HDFC म्यूचुअल फंड ने मेटल क्षेत्र में निवेश के लिए पेश की 2 नई स्कीम
HDFC म्यूचुअल फंड ने 2 नई स्कीम- निफ्टी मेटल ETF और निफ्टी मेटल ETF फंड ऑफ फंड (FOF) पेश की हैं। इनके जरिए निवेशक स्टील, एल्युमीनियम, कॉपर, जिंक और ऐसी ही अन्य धातु कंपनियों में पैसा लगा सकते हैं। ETF का न्यू फंड ऑफर (NFO) 20 से 24 जुलाई तक खुला है, वहीं FOF में 3 अगस्त तक निवेश किया जा सकता है।
निफ्टी मेटल TRI को करता है ट्रैक
दोनों फंड्स निफ्टी मेटल इंडेक्स कुल रिटर्न इंडेक्स (TRI) को ट्रैक करते हैं। ETF में कम से कम 500 रुपये से शुरुआत कर सकते हैं, जबकि FOF के लिए न्यूनतम निवेश 100 रुपये रखा गया है।
खास बात यह है कि FOF में निवेश के लिए डिमैट अकाउंट की भी जरूरत नहीं है। इन स्कीमों के जरिए आप उन सेक्टर्स में निवेश कर पाएंगे, जो भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर, रिन्यूएबल एनर्जी और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स के बढ़ते चलन से फायदा उठा रहे हैं।
ETF पर कोई एंट्री या एग्जिट लोड नहीं लगेगा। हालांकि, FOF में अगर, आप 15 दिन के भीतर पैसे निकालते हैं तो एक फीसदी का एग्जिट लोड चुकाना होगा।
निफ्टी मेटल ETF का प्रबंधन अभिषेक मोर और अरुण अग्रवाल कर रहे हैं, जबकि निफ्टी मेटल ETF FOF को नंदिता मेनेजेस और अरुण अग्रवाल मैनेज करेंगे। ये सभी फंड अनुभवी फंड मैनेजर्स की देखरेख में रहेंगे।