HDFC बैंक में कौन बनेगा नया MD और CEO? चर्चा में 2 नाम
HDFC बैंक में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। बैंक के बोर्ड ने प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद के लिए 2 उम्मीदवारों के नाम चुने हैं।
इन नामों को अब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मंजूरी के लिए भेजा गया है। यह बदलाव ऐसे समय हो रहा है, जब बैंक की कमान संभाल रहे शशिधर जगदीशन 26 अक्टूबर को रिटायर होने वाले हैं।
रंगन और टाटा का कार्यकाल बढ़ाया
यह फेरबदल HDFC बैंक के 2023 में हुए विलय के बाद हो रहा है, जिसके बाद प्रशासन से जुड़े कुछ सवाल उठे थे। CEO की खोज के साथ ही वी श्रीनिवास रंगन पूर्णकालिक निदेशक के तौर पर बने रहेंगे।
उन्हें कार्यकारी निदेशक का पद दिया गया है। उनका कार्यकाल 23 नवंबर, 2026 से 22 नवंबर, 2027 तक होगा। दूसरी तरफ, जिमी टाटा के लिए भी पूर्णकालिक निदेशक और कार्यकारी निदेशक के तौर पर 3 साल का कार्यकाल तय किया गया है, लेकिन इसे भी मंजूरी मिलना बाकी है।
बैंक एक और पूर्णकालिक निदेशक का पद भी बढ़ाना चाहता है। नए MD और CEO के पद संभालने के बाद, उनसे सलाह लेकर यह पद जोड़ा जाएगा। इसका मकसद बैंक की निगरानी को मजबूत करना और भविष्य की लीडरशिप की तैयारी करना है।