पिछले सप्ताह 4 दिग्गज कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में हुआ 93,000 करोड़ रुपये का इजाफा
पिछला सप्ताह भारतीय शेयर बाजार की कुछ प्रमुख कंपनियों के लिए काफी शानदार रहा। HDFC बैंक, भारती एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के कुल बाजार मूल्यांकन में करीब 93,000 करोड़ रुपये का उछाल आया।
इस सूची में HDFC बैंक ने सबसे ज्यादा बढ़त हासिल की, जिसे करीब 35,808 करोड़ रुपये का फायदा मिला और कंपनी का कुल बाजार मूल्यांकन 12.69 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
एयरटेल भी इस दौड़ में पीछे नहीं रही। उसके बाजार पूंजीकरण में लगभग 34,897 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और अब यह 11.99 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
कंपनियों को मिली बढ़त, लेकिन बाजार लुढ़का
LIC का पूंजीकरण 16,000 करोड़ रुपये से ज्यादा बढ़कर 5.6 लाख करोड़ रुपये हो गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने 6,225 करोड़ रुपये की बढ़त दर्ज करते हुए 17.71 लाख करोड़ रुपये के मूल्यांकन के साथ भारत की सबसे कीमती कंपनी का अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा।
जहां एक तरफ बड़ी कंपनियां तेजी से बढ़ रही थीं, वहीं दूसरी तरफ, शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। इसकी मुख्य वजह पश्चिम एशिया में ताजा भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें रहीं।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) सेंसेक्स 194 अंक नीचे गिर गया और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) निफ्टी 64 अंक लुढ़क गया।