एनवीडिया को टक्कर देने के लिए एच्ड ने जुटाया करीब 7,500 करोड़ रुपये का फंड
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) चिप्स बनाने वाली एक नई कंपनी एच्ड ने हाल ही में 80 करोड़ डॉलर (करीब 7,500 करोड़ रुपये) की नई फंडिंग जुटाई है।
इस निवेश दौर की अगुवाई जेन स्ट्रीट ने की है। इसमें वेंचरटेक अलायंस जैसे निवेशक भी शामिल हैं, जो ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी (TSMC) के साथ मिलकर काम करते हैं।
2022 में शुरू हुई एच्ड इस गर्मी में AI मॉडल्स को चलाने के लिए अपने पहले चिप्स की सप्लाई शुरू करने की तैयारी में है।
कंपनी के पास करीब 90 अरब रुपये के अनुबंध
कंपनी के सह संस्थापक रॉबर्ट वाचेन ने बताया कि एच्ड के पास पहले ही एक अरब डॉलर (करीब 90 अरब रुपये) के बिक्री अनुबंध हैं। हालांकि, अभी तक ग्राहकों के नाम उजागर नहीं किए गए हैं।
कंपनी के निवेशकों की सूची काफी प्रभावशाली है। इसमें जेन स्ट्रीट से 10 करोड़ डॉलर (करीब 900 करोड़ रुपये) से भी ज्यादा का निवेश मिला है।
साथ ही जेफ्री हिंटन और फेई-फेई ली जैसे AI जगत के दिग्गजों का भी इसे समर्थन हासिल है। एच्ड का मकसद एनवीडिया को टक्कर देना है। इसके लिए कंपनी AI से जुड़े कामों को तेजी से निपटाने वाले खास चिप्स बना रही है।