जेरॉक्स 17 साल बाद तोड़ सकती है HCLटेक से नाता, 200 कर्मचारियों की नौकरी पर संकट
दिग्गज IT सर्विसेज कंपनी HCLटेक और जेरॉक्स के बीच 17 साल से चला आ रहा बिजनेस प्रोसेस मैनेजमेंट (BPM) का एक बड़ा अनुबंध इस साल जून में खत्म हो सकता है।
इससे HCLटेक के लगभग 170 से 200 कर्मचारियों की नौकरी पर संकट मंडरा रहा है। जेरॉक्स ने मुश्किल वक्त में अपने खर्चों में कटौती करने के लिए यह कदम उठाया है।
इन कर्मचारियों को 2 महीने पहले ही बता दिया गया था कि कंपनी के भीतर उनके लिए कोई दूसरा प्रोजेक्ट या भूमिका उपलब्ध नहीं है।
कुछ काम फिलीपींस की कंपनी को सौंपेगी
जेरॉक्स ने तय किया है कि इस काम का एक बड़ा हिस्सा वह अपनी फिलीपींस स्थित टीम को सौंप देगी, वहीं बचा हुआ थोड़ा काम वह फिलीपींस की ही किसी स्थानीय तीसरी कंपनी को देगी।
हालांकि, यह नई व्यवस्था सिर्फ 30 से 40 लोगों के लिए ही होगी। HCLटेक के नोएडा कैंपस में काम करने वाले, जो कर्मचारी इससे प्रभावित हुए हैं, उनका काम पूरा होने के बाद से ही उन्हें बिना किसी प्रोजेक्ट के बेंच पर रखा गया है।