सैटलियो लैब्स का तपस-1 सैटेलाइट स्पेस-X के रॉकेट से भरेगा उड़ान
गुजरात का स्टार्टअप सैटलियो लैब्स अपना पहला सैटेलाइट तपस-1 लॉन्च करने की तैयारी में है। इसकी कोई तय तारीख अभी नहीं बताई गई है, लेकिन एक रिपोर्ट के अनुसार, यह जल्द ही उड़ान भरेगा।
इस मिशन के लिए स्पेस-X फाल्कन 9 रॉकेट का इस्तेमाल होगा। तपस-1 अंतरिक्ष से धरती के तापमान पर नजर रखेगा। इसका मकसद खेती और शहरी गर्मी को बेहतर तरीके से समझने के लिए सटीक जलवायु डाटा उपलब्ध कराना है।
सह संस्थापक और राजस्थान पुलिस में काम कर चुके श्रवण भाटी का कहना है कि इस मिशन से हमें लू और अनिश्चित मौसम जैसी चुनौतियों से निपटने में मदद मिलेगी।
एडवांस सैटेलाइट लॉन्च की भी योजना
कंपनी तपस-1 को भारत का पहला निजी व्यावसायिक थर्मल-इमेजिंग मिशन बता रही है। यह सैटेलाइट धरती की परिक्रमा करते हुए दिन-रात तापमान से जुड़ा डाटा इकट्ठा करने के लिए इंफ्रारेड सेंसर का इस्तेमाल करता है।
टीम की योजना तपस-2 और पायरो जैसे और भी एडवांस सैटेलाइट जल्द ही लॉन्च करने की है। इनसे खेती और शहरी गर्मी की निगरानी के लिए मौसम से जुड़ी और भी सटीक जानकारी मिलेगी।
डाटा को जांचने और प्रोसेस करने के बाद यह कुछ ही घंटों में मिल सकता है। हालांकि, इसकी उपलब्धता मौसम एजेंसियों, निजी मौसम कंपनियों और दूसरे संगठनों के लिए ग्राउंड स्टेशन की उपलब्धता पर भी निर्भर करेगी।