Loading...
सरकार ने 10 और 20 रुपये के 1 अरब पॉलीमर नोट जारी करने को दी मंजूरी
10 और 20 रुपये के पॉलीमर नोट आएंगे

सरकार ने 10 और 20 रुपये के 1 अरब पॉलीमर नोट जारी करने को दी मंजूरी

Aug 11, 2026
04:18 pm

क्या है खबर?

केंद्र सरकार ने 10 रुपये और 20 रुपये के 1 अरब पॉलीमर बैंकनोट के फील्ड ट्रायल को मंजूरी दे दी है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मंगलवार (11 अगस्त) को राज्यसभा में यह जानकारी दी। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सरकार को इसका प्रस्ताव भेजा था। इन नोटों को मौजूदा कागजी नोटों के साथ जारी करने की योजना है। हालांकि, अभी इन्हें आम चलन में लाने की तारीख तय नहीं हुई है और खरीद प्रक्रिया भी शुरुआती चरण में है।

फैसला

फील्ड ट्रायल के बाद होगा आगे का फैसला

पॉलीमर नोट लाने का फैसला फील्ड ट्रायल के नतीजों के आधार पर आगे बढ़ेगा।

RBI के मुताबिक, अभी खरीद प्रक्रिया शुरुआती चरण में है, इसलिए इनके आने की सही तारीख और सरकार पर पड़ने वाली लागत बताना संभव नहीं है। ट्रायल सफल रहने पर 10 और 20 रुपये के पॉलीमर नोट नियमित रूप से जारी किए जा सकते हैं।

पॉलीमर नोट कागजी नोटों की तुलना में टिकाऊ माने जाते हैं और पानी या नमी से भी कम प्रभावित होते हैं।

महंगाई

महंगाई बढ़कर 3.9 प्रतिशत हुई

वित्त मंत्री ने आज देश में महंगाई की स्थिति की जानकारी भी संसद में दी है।

खुदरा महंगाई 2023-24 में 5.4 प्रतिशत से घटकर 2024-25 में 4.6 प्रतिशत और 2025-26 में 2.1 प्रतिशत रही। हालांकि, 2026-27 की पहली तिमाही में यह बढ़कर 3.9 प्रतिशत हो गई।

उन्होंने इसकी वजह वस्तुओं की कीमतों में बदलाव, पश्चिम एशिया संकट से ऊर्जा कीमतों में बढ़ोतरी, सब्जियों की मौसमी महंगाई और कमजोर मानसून जैसी परिस्थितियों को बताया है।

ADVERTISEMENT

कदम

कीमतें घटाने के लिए सरकार ने उठाए कदम

सरकार ने कीमतों का दबाव कम करने के लिए कई कदम भी बताए।

इनमें कुछ खाद्य तेलों और मसूर पर शुल्क घटाना तथा मार्च, 2026 में पेट्रोल-डीजल पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क 10 रुपये प्रति लीटर कम करना शामिल है। सरकार ने 12 लाख रुपये तक की सालाना आय पर आयकर छूट भी दी है।

वित्त मंत्री के अनुसार, इन कदमों से लोगों की खर्च करने की क्षमता बढ़ी है। इससे घरेलू खपत को भी सहारा मिला है।

ADVERTISEMENT