पश्चिमी एशिया में तनाव जारी रहने पर गोल्डमैन सैक्स ने जताई यह चिंता
गोल्डमैन सैक्स ने कहा है कि अगर, पश्चिमी एशिया में तनाव कच्चे तेल की आपूर्ति को बाधित करता रहा तो इस साल के आखिर तक ब्रेंट क्रूड के दाम 120 डॉलर (करीब 11,000 रुपये) प्रति बैरल से भी ऊपर निकल सकते हैं। फिलहाल, ब्रेंट क्रूड हाल ही में 91 डॉलर (करीब 8,600 रुपये) से ऊपर रहा था, लेकिन अब यह 88.65 डॉलर (करीब 8,400 रुपये) पर आ गया है।
हालांकि, गोल्डमैन का अनुमान है कि अगर, मौजूदा हालात सुधरते हैं तो साल के आखिर तक तेल के दाम 80 डॉलर (करीब 7,600 रुपये) तक आ जाएंगे और अगले साल यह 75 डॉलर (करीब 7,100 रुपये) तक गिर सकते हैं।
फारस की खाड़ी से तेल की आपूर्ति हुई आधी
हालिया संघर्षों से पहले फारस की खाड़ी से जितनी तेल की आपूर्ति होती थी, अब वह आधे से भी कम रह गई है। इसकी वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार और भी ज्यादा नाजुक हो गया है।
मुख्य शिपिंग रास्तों में आ रही रुकावटें और डीजल की कमी ने बाजार पर और दबाव बढ़ा दिया है। डीजल की यह कमी फैक्ट्रियों की दिक्कतों और तूफानों के कारण पैदा हुई है।
इन जोखिमों से निपटने के लिए गोल्डमैन ने दिसंबर, 2026 से मार्च, 2027 तक यूरोपियन डीजल में लॉन्ग पोजीशन के साथ हेजिंग करने की सलाह दी है।