गोल्डमैन सैक्स ने कच्चे तेल की आपूर्ति बिगड़ने की दी चेतावनी
गोल्डमैन सैक्स का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में नए तनावों की वजह से मध्य पूर्व से तेल की आपूर्ति को वापस पटरी पर लाने में दिक्कतें आ रही हैं।
हालांकि, कुछ कच्चे तेल के कुएं दोबारा खोल दिए गए हैं, फिर भी यह क्षेत्र अभी भी युद्ध से पहले के मुकाबले काफी कम तेल का उत्पादन कर रहा है।
अमेरिका और ईरान के बीच हाल ही में हुई झड़पों ने इस अहम जलमार्ग से जहाजों की आवाजाही को धीमा कर दिया है, जिसकी वजह से तेल के दाम कुछ समय के लिए 80 डॉलर (7,500 रुपये) प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गए थे।
टैंकर हमलों से तेल की निकासी हुई प्रभावित
गोल्डमैन सैक्स के विश्लेषकों ने बताया कि होर्मुज के पास हुए टैंकर हमलों की वजह से फारस की खाड़ी से तेल का निकास घटकर सामान्य का सिर्फ 70 फीसदी रह गया है, जबकि साल की शुरुआत में यह 80 फीसदी से ज्यादा था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 8 जुलाई को अमेरिका-ईरान के एक अस्थायी शांति समझौते को रद्द कर दिया था और ईरानी तेल की बिक्री पर भी रोक लगा दी थी, जिसके बाद स्थिति और भी खराब हो गई।
विश्लेषकों का कहना है कि अगर, बातचीत सफल रहती है तो तेल की आपूर्ति जुलाई के अंत तक सामान्य हो सकती है, लेकिन तनाव और बढ़ता है या बातचीत विफल हो जाती है तो हालात और भी बदतर हो सकते हैं।