जनरल मोटर्स के 50 रोबोट्स ने छीनी 1,000 से ज्यादा कर्मचारियों की नौकरी
जनरल मोटर्स (GM) ने हाल ही में मिशिगन के फैक्ट्री जीरो प्लांट में 50 कोबॉट्स लगाए हैं। ये ऐसे रोबोट हैं, जो इंसानों के साथ मिलकर काम करते हैं। इन रोबोट्स को काम की रफ्तार बढ़ाने और फैक्ट्री में सुरक्षा बेहतर करने के मकसद से लाया गया है, लेकिन इनके आने से 1,000 से ज्यादा कर्मचारियों को अपनी नौकरी गंवानी पड़ी है।
इनमें से कुछ कर्मचारियों को तो अस्थायी तौर पर छुट्टी पर भेज दिया गया है। GM कार बनाने के अपने तरीकों को आधुनिक बनाने में जुटी है और यह उसी का एक हिस्सा है।
UAW ने शिकायतें दर्ज कराईं
यूनाइटेड ऑटो वर्कर्स (UAW) यूनियन इस बदलाव से बिल्कुल खुश नहीं है। यूनियन का कहना है कि ये कोबॉट्स सदस्यों की नौकरियों और उनके भविष्य के लिए खतरा बन सकते हैं।
GM यह तर्क है कि ये कोबॉट्स कर्मचारियों की शारीरिक मेहनत और थकान को कम करने में सहायक होते हैं, वहीं UAW ने इस मामले में शिकायतें दर्ज की हैं। उन्हें इस बात की भी चिंता है कि आगे चलकर ऑटोमेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का फैक्ट्री की नौकरियों पर क्या प्रभाव पड़ेगा।