ग्लैनमार्क की अमेरिकी शाखा ने दवाओं की कीमत निर्धारण मामले का किया निपटारा
ग्लैंमार्क फार्मास्यूटिकल्स की अमेरिकी शाखा ने 2.9 करोड़ डॉलर (लगभग 280 करोड़ रुपये) का भुगतान करने पर सहमति जताई है।
कंपनी ने यह सहमति उन मुकदमों को निपटाने के लिए दी है, जिनमें उस पर जेनेरिक दवाइयों के बाजार में कीमतों को तय करने (प्राइस फिक्सिंग) का आरोप लगा था।
23 मई, 2026 को जिस समझौते का ऐलान हुआ है, वह सालों से चल रही कानूनी लड़ाई को खत्म करेगा। कंपनी को यह रकम अगले 5 सालों में धीरे-धीरे चुकानी होगी।
कंपनी ने आरोपों का किया खंड़न
साल 2016 से ग्लैंमार्क को 35 से ज्यादा मुकदमों का सामना करना पड़ा। ये मुकदमे दवा खरीदने वाले ग्राहकों और अलग-अलग राज्य सरकारों की तरफ से थे, जिनमें कंपनी पर बाजार में गलत तरीके से होड़ रोकने का आरोप लगाया गया था। कंपनी ने इन आरोपों से साफ इनकार किया है और कहा है कि उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया।
फार्मास्यूटिकल्स कंपनी का कहना है कि यह समझौता करने का मतलब यह नहीं है कि वे दोषी हैं। ग्लैंमार्क ने इस रकम के लिए पहले ही पैसा अलग रख दिया है, जिससे उसके कामकाज या उसकी आर्थिक स्थिति पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।