ग्लास वॉल सिस्टम्स के शेयर आज होंगे सूचीबद्ध, 23 फीसदी ज्यादा कीमत मिलने का अनुमान
ग्लास वॉल सिस्टम्स इंडिया लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक पेशकश (IPO) बुधवार (16 सितंबर) को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होगा। इसके शेयर ग्रे मार्केट में 223 रुपये पर पहुंच गए थे, जो IPO के 182 रुपये की शेयर कीमत से 41 रुपये यानि 23 फीसदी ज्यादा प्रीमियम पर थे।
इसके जरिए कंपनी की 428 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। निवेशकों ने इसमें जबरदस्त दिलचस्पी दिखाई, जहां केवल 1.64 करोड़ शेयर ऑफर किए गए थे, वहीं 134.37 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां लगीं।
महाराष्ट्र में फैक्ट्री लगाने की योजना
इसमें संस्थागत निवेशकों ने सबसे ज्यादा दिलचस्पी दिखाई और अपने तय कोटे से 167.93 गुना ज्यादा शेयरों के लिए बोली लगाई। खुदरा और गैर-संस्थागत खरीदारों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
जुटाए गए पैसों का ज्यादातर हिस्सा महाराष्ट्र में एक नई ग्लास-प्रोसेसिंग यूनिट बनाने में खर्च होगा, वहीं कुछ पैसा कंपनी की सामान्य जरूरतों को पूरा करने के लिए भी रखा गया है।
IPO लाने से पहले ही ग्लास वॉल सिस्टम्स को HDFC म्युचुअल फंड और कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस कंपनी जैसे बड़े निवेशकों का साथ मिल गया था।