Page Loader
जनरल मोटर्स ने कर्मचारियों को स्वेच्छा से कंपनी छोड़ने के लिए कहा
जनरल मोटर्स अपने खर्च में कटौती करने की योजना बना रही है (तस्वीर: ट्विटर@boppinmule)

जनरल मोटर्स ने कर्मचारियों को स्वेच्छा से कंपनी छोड़ने के लिए कहा

Mar 10, 2023
10:16 am

क्या है खबर?

छंटनी के इस दौर में अमेरिकी वाहन निर्माता कंपनी जनरल मोटर्स (GM) अपने कर्मचारियों को निकालने के बजाय उन्हें एक अलग पैकेज लेने और स्वेच्छा से कंपनी छोड़ने के लिए कह रही है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी की CEO मैरी बारा ने कर्मचारियों को पत्र लिखकर इस बात की पेशकश की है। कर्मचारियों की संख्या कम करके कंपनी अगले दो वर्षों में अपने खर्च में 2 बिलियन डॉलर (लगभग 164 अरब रुपये) की कटौती करने की योजना बना रही है।

भुगतान

इन कर्मचारियों को कंपनी करेगी नकद भुगतान

मैरी बारा ने अपने पत्र में कर्मचारियों को बताया कि उन्हें यह महत्वपूर्ण निर्णय लेने के लिए 2 सप्ताह का समय दिया जाएगा। कर्मचारी अगर 24 मार्च, 2023 से पहले स्वेच्छा से कंपनी छोड़ने के लिए तैयार हो जाते हैं, तो उन्हें कंपनी नकद भुगतान करेगी। यह प्रस्ताव कंपनी ने केवल अमेरिका और कोरिया में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए रखा है। कनाडा, मैक्सिको, यूरोप या चीन में कर्मचारियों को इसकी पेशकश नहीं की जा रही है।

लाभ

2022 में कंपनी ने दर्ज किया रिकॉर्ड वार्षिक लाभ

CNN के अनुसार, स्वेच्छा से कंपनी छोड़ने का प्रस्ताव कंपनी ने उन कर्मचारियों के लिए रखा है, जिन्होंने कम से कम 5 साल तक कंपनी में काम किया है और 2 साल तक अधिकारी के पद पर काम किया है। स्वेच्छा से कंपनी छोड़ने वाले कर्मचारियों को GM कुछ निर्धारित राशि के साथ स्वास्थ्य बीमा कवरेज और अन्य सुविधाएं दे सकती है। GM ने 2022 में रिकॉर्ड 14.5 बिलियन डॉलर (लगभग 1,189 अरब रुपये) का वार्षिक लाभ दर्ज किया।