IIFL कैपिटल सर्विसेज को एक साल में निफ्टी 30,000 तक पहुंचने की उम्मीद
IIFL कैपिटल सर्विसेज में शोध प्रमुख जीवी गिरि ने उम्मीद जताई है कि निफ्टी इंडेक्स अगले एक साल में 20 फीसदी की छलांग लगाकर 30,000 अंक तक पहुंच सकता है।
इसके पीछे वे कंपनियों की मजबूत कमाई, 9 से 10 प्रतिशत के आस-पास नाममात्र सकल घरेलू उत्पाद (GDP) विकास दर और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) के बदलते रुझान को मुख्य कारण बताते हैं।
गिरि का कहना है कि भारत अब पहले के मुकाबले सस्ता और निवेश के लिए अधिक आकर्षक हो गया है, जिस वजह से निवेशक अब न्यूट्रल रुख अपना रहे हैं।
AI इंफ्रास्ट्रक्चर की बढ़त से निवेशकों का भरोसा बढ़ा
गिरि ने भारत के तेजी से बढ़ रहे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र को एक गेम-चेंजर बताया है। उनके मुताबिक, देश में डाटा सेंटर और सेमीकंडक्टर फैक्ट्रियों का काम इतनी तेजी से बढ़ रहा है कि यह बाजार में नई जान फूंक देगा।
इसके अलावा, दुनियाभर में रक्षा खर्च बढ़ने और खाड़ी देशों से मिल रहे नए अवसरों के चलते भी भारतीय कंपनियां मजबूत स्थिति में हैं।
उनका मानना है कि ये कंपनियां किसी भी चुनौती का सामना आसानी से कर पाएंगी। छोटी कंपनियों (स्मॉल-कैप) की कमाई में हालिया सुधार और बड़ी कंपनियों के लगातार अच्छे प्रदर्शन ने निवेशकों के भरोसे को और मजबूत किया है।