FSSAI ने SDP इंडस्ट्रीज के मिलावटी घी पर लगाई रोक, कई कंपनियों के खिलाफ की कार्रवाई
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने नई दिल्ली के मार्चे रिटेल को 30 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई तब हुई, जब जांच में वहां साफ-सफाई और सुरक्षा से जुड़ी कई बड़ी खामियां मिलीं।
इसी बीच, दमन की SDP इंडस्ट्रीज को अपना घी बेचने से रोक दिया गया है। कंपनी के श्रद्धा, श्री सरस और गोकुल जैसे सभी ब्रांड के घी पर पाबंदी लगाई गई है।
लैब टेस्ट में घी की फैटी-एसिड कंपोजिशन (वसा-अम्ल संरचना) में गड़बड़ी पाई गई और इसमें अल्फा-सिटोस्टेरॉल भी मिला। इन नतीजों से साफ है कि घी में बाहरी चर्बी या वनस्पति तेल मिलाया गया था।
150 से ज्यादा कंपनियों को भेजे नोटिस
FSSAI ने नेस्ले इंडिया, पेप्सिको और कोका-कोला इंडिया जैसी बड़ी कंपनियों को 150 से ज्यादा नोटिस जारी किए हैं। इनमें कंपनियों पर भ्रामक विज्ञापन देने, झूठे दावे करने और लेबलिंग के नियमों का पालन न करने का आरोप है।
अमेजन और फ्लिपकार्ट को भी 12 नोटिस भेजे गए हैं। मैकडॉनल्ड्स और डोमिनोज जैसी मशहूर फूड चेन को भी नोटिस थमाए गए हैं। डोमिनोज के 5 लाइसेंस निलंबित भी कर दिए गए हैं। इस सख्ती के बाद अब कई कंपनियां अपनी खामियां ठीक करने में जुट गई हैं।