बिसलेरी के पानी में फिर मिली खामी, FSSAI ने दी मुकदमा चलाने की मंजूरी
क्या है खबर?
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। यह कदम तब उठाया गया, जब पश्चिम बंगाल स्थित कंपनी के प्लांट से लिया गया बोतलबंद पीने का पानी (पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर) का नमूना प्रयोगशाला परीक्षण में विफल हो गया। खाद्य सुरक्षा नियामक ने बताया कि नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाए गए हैं। यह सीवेज के रिसाव, क्षतिग्रस्त पाइपों या अन्य माध्यमों से जल प्रणालियों में प्रवेश कर सकता है।
कार्रवाई
इस कारण हुई कार्रवाई
पश्चिम बंगाल का नमूना जलपाईगुड़ी के तेलिपारा गांव की एक यूनिट से लिया गया था। प्राथमिक और रेफरल दोनों प्रयोगशालाओं ने कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि की।
सूत्रों के अनुसार, इसके परिणामस्वरूप FSSAI ने 12 अगस्त को केवल एक विशेष बैच (बैच नंबर PB 201) की बिक्री पर रोक लगा दी।
खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को देखते हुए FSSAI ने इसके खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है।
जांच
पहले भी नमूना हुआ था विफल
यह दूसरी बार है, जब FSSAI ने बोतलबंद पीने के पानी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी बिसलेरी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को मंजूरी दी है।
पिछले रविवार को FSSAI ने इसी तरह की कानूनी कार्रवाई की घोषणा की क्योंकि गोवा में स्थित कंपनी के एक प्लांट से लिया गया नमूना भी जांच में विफल हो गया था।
नियामक ने कहा, "नमूना तय ब्रोमेट सीमा के अनुरूप नहीं पाया गया और इसे FSS अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया।"