विदेशी निवेशकों ने जून के पहले पखवाड़े में शेयर बाजार से निकाले 63,000 करोड़ रुपये
जून के शुरुआती पखवाड़े में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) ने भारतीय शेयर बाजार से लगभग 63,000 करोड़ रुपये निकाल लिए हैं।
यह निकासी वैश्विक अनिश्चितता, लगातार चल रहे भू-राजनीतिक तनाव और इस साल रुपये के मूल्य में करीब 6 फीसदी की गिरावट के चलते देखने को मिला है। यह निकासी 2026 में चल रहे विदेशी निवेशकों की निकासी के लगातार रुझान का ही एक हिस्सा है।
अब तक की कुल निकासी 2.87 लाख करोड़ रुपये के पार
इस साल FPI की कुल निकासी 2.87 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गई है। यह पिछले साल की कुल निकासी 1.66 लाख करोड़ रुपये से कहीं ज्यादा है।
हालांकि, फरवरी में कुछ निवेश आया था, लेकिन बाकी ज्यादातर महीनों में भारी निकासी ही देखने को मिली है। मार्च का महीना सबसे ऊपर रहा, जब FPI ने 1.17 लाख करोड़ रुपये निकाले थे।
खास बात यह है कि स्टॉक और करेंसी को लेकर चिंताएं होने के बावजूद विदेशी निवेशक अभी भी भारत के ऋण बाजार में निवेश कर रहे हैं। जून में ऋण बाजार में 13,200 करोड़ रुपये का निवेश आया।