HDFC के पूर्व अध्यक्ष ने जांच में सहयोग नहीं करने के आरोपों का किया खंडन
HDFC बैंक के पूर्व अध्यक्ष अतानु चक्रवर्ती ने उन आरोपों को सिरे से नकार दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि उन्होंने पद छोड़ने के बाद हुई कानूनी जांच में सहयोग नहीं किया।
चक्रवर्ती का कहना है कि उन्हें जांच से जुड़ी कोई भी स्पष्ट जानकारी कभी नहीं दी गई थी। उन्होंने अपने पद छोड़ने को अंतरात्मा की पुकार बताया और कहा कि यह ऐसा मामला नहीं है, जिसकी बाहरी जांच कराई जाए।
उनका मानना है कि बोर्ड को बाहरी वकीलों का सहारा लेने की बजाय खुद ही इस मामले पर गौर करना चाहिए था।
बोर्ड ने की दुबई वाले मामले की जांच
चक्रवर्ती ने दुबई से जुड़े एक मामले पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि इस मामले की बोर्ड ने पहले ही अच्छी तरह से जांच कर ली थी, साथ ही अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की गई थी और सुधार के लिए जरूरी उपाय भी लागू किए गए थे।
उनका साफ कहना है कि बैंक में रहते हुए उन्होंने अपनी भूमिका बखूबी निभाई थी और उन्हें लगता है कि अब इस पर किसी बाहरी समीक्षा की कोई जरूरत नहीं है।