फ्लिपकार्ट ने वार्षिक प्रदर्शन समीक्षा के तहत की 300 कर्मचारियों की छंटनी
क्या है खबर?
वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने अपने वार्षिक प्रदर्शन समीक्षा चक्र के दौरान लगभग 300 कर्मचारियों की छंटनी करते हुए उन्हें नौकरी से निकालने का आदेश दिया है। इस कदम से कंपनी के लगभग 20,000 कर्मचारियों में से लगभग 1.5% प्रभावित हुए हैं। मनीकंट्रोल के अनुसार, यह निर्णय फ्लिपकार्ट की वार्षिक प्रदर्शन प्रबंधन प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसके तहत अच्छा काम न करने वाले कर्मचारियों को कंपनी छोड़ने के लिए कहा जाता है।
छंटनी
फ्लिपकार्ट ने साल 2024 में भी की थी छंटनी
गौरतलब है कि फ्लिपकार्ट ने ऐसे कदम पहली बार नहीं उठाए हैं। 2024 की शुरुआत में कंपनी ने वार्षिक प्रदर्शन समीक्षा के तहत लगभग 1,000 कर्मचारियों, यानी अपने कुल कर्मचारियों के लगभग 5 प्रतिशत की छंटनी करते हुए नौकरी से निकाल दिया था। स्टार्टअप जगत में फंडिंग में आई मंदी और मुनाफे पर अधिक जोर देने के बीच ई-कॉमर्स दिग्गज कंपनी परिचालन दक्षता और लागत नियंत्रण में सुधार लाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
तैयारी
भारत में सार्वजनिक लिस्टिंग की तैयारियां
ये छंटनी ऐसे समय में हुई है जब फ्लिपकार्ट भारत में संभावित सार्वजनिक लिस्टिंग की तैयारी कर रही है। कंपनी ने IPO की व्यवहार्यता का आकलन करने के लिए गोल्डमैन सैक्स, मॉर्गन स्टेनली, कोटक महिंद्रा कैपिटल और जेपी मॉर्गन जैसे निवेश बैंकों के साथ प्रारंभिक बातचीत शुरू कर दी है। उद्योग सूत्रों ने संकेत दिया है कि ई-कॉमर्स दिग्गज कंपनी 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत तक लिस्टिंग का लक्ष्य रख सकती है।