फिनकार्ट ने लॉन्च किया AI आधारित ऐप, अब वित्तीय प्रबंधन करना होगा आसान
फिनकार्ट ने एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित ऐप लॉन्च किया है, जिससे आप अपने फाइनेंस को खुद ही प्रबंधन कर पाएंगे।
अब इसके लिए किसी इंसान या सलाहकार की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस ऐप के जरिए आप म्यूचुअल फंड, डिजिटल गोल्ड और अनलिस्टेड स्टॉक्स जैसे कई विकल्पों में निवेश कर सकते हैं।
इसमें बजटिंग टूल्स और इंश्योरेंस के विकल्प भी दिए गए हैं। एक ही जगह पर आप अपने सभी एसेट्स को ट्रैक भी कर सकेंगे।
लक्ष्य के हिसाब से मिलती है निवेश की सलाह
इसकी शुरुआत एक फाइनेंशियल हेल्थ स्कोर से होती है। आपकी जरूरतों और आदतों के आधार पर ऐप आपको 3 प्रोफाइल्स- एक्सप्लोरर, ग्रोअर या एंकर में से किसी एक में डालता है।
इसके बाद, AI की मदद से आपको आपके लक्ष्यों के हिसाब से निवेश से जुड़ी सलाहें मिलती हैं। फिनकार्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) तंवीर आलम का कहना है, "यह प्लेटफॉर्म हर हिंदुस्तानी को अपना खुद का फाइनेंशियल प्लान बनाने की ताकत देता है, जो पहले सिर्फ टॉप एक फीसदी लोगों के लिए ही था। अब यह पूरी तरह से AI की मदद से संभव हो रहा है।"
यह लॉन्च कंपनी के बड़े ब्रांड रिफ्रेश का हिस्सा है, जिसका मकसद है लक्ष्य आधारित निवेश को सभी के लिए आसान बनाना है।