फेनविक एंड वेस्ट ने FTX धोखाधड़ी मामले में किया समझौता
अमेरिका की दिग्गज लॉ फर्म फेनविक एंड वेस्ट ने फ्यूचर्स एक्सचेंज (FTX) ग्राहकों के दावों को निपटाने के लिए 5.4 करोड़ डॉलर (करीब 500 करोड़ रुपये) देने पर सहमति जताई है।
मुकदमे में आरोप था कि फेनविक ने इतनी बड़ी FTX धोखाधड़ी की रणनीतियां बनाने में मदद की थी, जिसे अब तक के सबसे बड़े फ्रॉड में से एक बताया गया था।
यह समझौता मियामी की फेडरल कोर्ट में दायर किया गया है और इसे अभी जज की मंजूरी मिलनी बाकी है।
फेनविक ने आरोपों से किया इनकार
फेनविक का कहना है कि वह किसी भी धोखाधड़ी में शामिल नहीं थी और उसे FTX में क्या हो रहा था, इसकी जानकारी बिल्कुल नहीं थी।
एक बयान में फर्म ने साफ कहा, "हमें FTX में हुई धोखाधड़ी के बारे में कुछ भी पता नहीं था। हम अपने कानूनी काम की ईमानदारी पर पूरी तरह कायम हैं और हमेशा कहा है कि हमने कोई गलत काम नहीं किया है।"
इस समझौते से एक लंबी कानूनी लड़ाई से बचा जा सकेगा। इससे पहले, FTX के कुछ पूर्व अधिकारियों के साथ भी समझौते हुए हैं, वहीं कंपनी के संस्थापक सैम बैंकमैन-फ्राइड को 8 अरब डॉलर (करीब 700 अरब रुपये) की धोखाधड़ी के लिए 25 साल की जेल की सजा भी सुनाई जा चुकी है।