रायलट्रिस नेजल स्प्रे को छोटे बच्चों में इलाज के लिए मिली FDA से मंजूरी
ग्लेनमार्क की नेजल स्प्रे रायलट्रिस को अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने 6 से 11 साल के बच्चों में मौसमी एलर्जी के इलाज के लिए मंजूरी दे दी है।
अभी तक इस नोज स्प्रे का इस्तेमाल सिर्फ अधिक उम्र के बच्चों के लिए ही किया जा सकता था। ऐसे में, यह उन परिवारों के लिए एक राहत भरी खबर है, जो अपने बच्चों के लिए एलर्जी का कोई नया और बेहतर विकल्प ढूंढ रहे थे।
446 बच्चों में मिले दवा के बेहतर नतीजे
यह मंजूरी 446 बच्चों पर किए गए एक अध्ययन के बाद मिली है। इस अध्ययन में 2 सप्ताह के अंदर बच्चों की मौसमी एलर्जी के लक्षणों में साफ सुधार देखने को मिला और दवा भी अच्छी तरह सहन की गई।
रायलट्रिस पहले से ही 50 से भी ज्यादा देशों में उपलब्ध है। ग्लेनमार्क ने हाल ही में अमेरिका में इस दवा के लॉन्च, बिक्री और वितरण की पूरी जिम्मेदारी अब अपने हाथों में ले ली है।
कंपनी का कहना है कि इस कदम से दुनियाभर के लोगों को बेहतर तरीके से सांस लेने में सक्षम बनाने के उनके संकल्प को और मजबूती मिलेगी।