AI से ग्राहक सेवा में 50 फीसदी की छलांग, EY की रिपोर्ट में खुलासा
EY इंडिया की एक नई रिपोर्ट बताती है कि जिन कंपनियों ने ग्राहक सेवा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सबसे ज्यादा फायदा उठाया है, उनकी सर्विस में 50 प्रतिशत या उससे भी ज्यादा सुधार देखा गया है।
हालांकि, ऐसे शानदार नतीजे हर कंपनी को नहीं मिल रहे हैं। EY ने कंपनियों को AI से मिलने वाले फायदों के आधार पर 'एचीवर्स', 'चैलेंजर्स' और 'एस्पिरेंट्स' नाम की 3 श्रेणियों में बांटा है।
केवल 23 फीसदी को ही मिला फायदा
AI से सबसे ज्यादा फायदा उठाने वाली कंपनियां केवल 23 प्रतिशत हैं, जिन्हें 'एचीवर्स' कहा गया है। ये कंपनियां वॉयस AI जैसी तकनीकों का जोरदार इस्तेमाल कर रही हैं, जिससे ग्राहकों का अनुभव और साथ ही एजेंट्स की कार्यक्षमता दोनों में सुधार हो रहा है। बाकी कंपनियों में से 33 प्रतिशत 'चैलेंजर्स' और 44 प्रतिशत 'एस्पिरेंट्स' हैं, जिन्हें अभी तक AI का उतना असर या फायदा नहीं दिखा है।
EY के विशेषज्ञों का कहना है कि अगर, कंपनियों को अपने ग्राहक सेवा विभागों में AI की पूरी क्षमता का लाभ उठाना है तो उनके पास मजबूत डाटा सिस्टम और अच्छी गवर्नेंस होना बहुत जरूरी है।