एक्स्ट्रॉनेट टेक्नोलॉजीज का निर्गम 12 गुना अधिक हुआ सब्सक्राइब
एक्स्ट्रॉनेट टेक्नोलॉजीज के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) का आवंटन मंगलवार फाइनल होने की संभावना है। निवेशकों ने इसके प्रति जबरदस्त उत्साह दिखाया है। कंपनी का 166.80 करोड़ रुपये का यह इश्यू 23 से 27 जुलाई तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था।
इस दौरान इसे कुल 12.24 गुना बोली मिलीं। खासकर गैर-संस्थागत निवेशकों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और 26.65 गुना सब्सक्रिप्शन दर्ज कराया, वहीं खुदरा निवेशकों ने करीब 9 गुना और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs) ने 7.13 गुना बोलियां लगाईं।
30 जुलाई को लिस्ट होगी कंपनी
इन शेयरों की कीमत 120 से 127 रुपये प्रति शेयर तय की गई है। इनकी लिस्टिंग 30 जुलाई को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर होगी।
अभी बाजार में इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) 8 रुपये चल रहा है। इसके हिसाब से शेयर करीब 6 फीसदी के लिस्टिंग गेन के साथ खुल सकते हैं, लेकिन यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि ग्रे मार्केट प्रीमियम कोई पक्की गारंटी नहीं होता। यह पता लगाने के लिए कि आपको शेयर आवंटित हुए हैं या नहीं। आप केफिन टेक्नोलॉजीज की वेबसाइट पर जा सकते हैं। इसके अलावा, आप अपने पैन और एप्लिकेशन नंबर की मदद से BSE और NSE के पोर्टल पर भी अपना आवंटन स्टेटस चेक कर सकते हैं।