पहली तिमाही में IT क्षेत्र की कंपनियों का कमजोर रह सकता है प्रदर्शन
इक्विरस सिक्योरिटीज के मुताबिक, इस वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही (Q1) में भारत की बड़ी IT कंपनियों का प्रदर्शन सुस्त रहने की उम्मीद है।
नए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रोजेक्ट्स में पैसा लगाने के बजाय ग्राहक अपने बजट पर लगाम लगा रहे हैं और सिर्फ जरूरी खर्चों पर ध्यान दे रहे हैं।
वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और कुछ भू-राजनीतिक तनाव की वजह से टेक ग्रोथ के लिए यह साल काफी सतर्कता भरा रह सकता है।
राजस्व वृद्धि में बहुत कम होगा बदलाव
इस तिमाही के लिए शीर्ष 6 IT कंपनियों की राजस्व वृद्धि -1.7 से 1.1 फीसदी के बीच रहने का अनुमान है, यानि बहुत कम बदलाव देखने को मिलेगा।
विप्रो की ग्रोथ सबसे धीमी रह सकती है, जबकि टेक महिंद्रा बाकी कंपनियों से थोड़ा बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। इक्विरस सिक्योरिटीज का मानना है कि इंफोसिस अपने पूरे साल के गाइडेंस को 2.8 से 4.3 फीसदी के बीच संशोधित करेगा, वर्टेक्स अधिग्रहण को छोड़कर।
साथ ही, उनके प्रॉफिट मार्जिन 20 से 22 फीसदी के बीच स्थिर रहेंगे। हालांकि, कम समय के लिए चुनौतियां बनी हुई हैं, लेकिन AI अपग्रेड्स और क्लाउड टेक्नोलॉजी की मांग की वजह से लंबे समय तक बाजार में रौनक बनी रहेगी।