NRI अब 58 साल की उम्र से पहले निकाल सकते हैं PF का पूरा पैसा
अगर, आप एक ऐसे अप्रवासी भारतीय (NRI) हैं, जो हमेशा के लिए विदेश जाने की सोच रहे हैं तो आपको अपना कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) निकालने के लिए 58 साल का होने का इंतजार नहीं करना होगा।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) भारत छोड़ने से पहले कुछ औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पूरी रकम निकालने की अनुमति देता है या फिर आप चाहें तो अपना EPF भारत में ही रख सकते हैं, जिस पर आपको 8.25 फीसदी सालाना ब्याज मिलता रहेगा। बस यह बात ध्यान रखें कि एक बार जब आप NRI बन जाते हैं तो आप इसमें और पैसा नहीं डाल सकते।
PF निकालने के लिए हैं ये विकल्प
NRI के लिए भविष्य निधि (PF) की निकासी पर भारत में टैक्स लग सकता है। यह इस बात पर निर्भर करेगा कि आपने यहां कितने समय तक काम किया, आप पैसा कब निकालते हैं और निकासी पर कौन-कौनसी छूट लागू होती है।
आप बेरोजगार होने के 2 महीने बाद अपना बचा हुआ पैसा निकाल सकते हैं, 54 साल की उम्र में कुछ आंशिक निकासी कर सकते हैं या अगर, आप स्थायी रूप से कहीं और बस रहे हैं तो पूरी रकम निकाल सकते हैं।
दूसरी तरफ, आप अपने खाते को रिटायरमेंट की उम्र (58 साल) तक चालू रखते हैं तो आपको पूरी रकम के साथ उस पर मिला सारा ब्याज भी मिल जाएगा।