एलन मस्क को 28 अक्टूबर तक खरीदनी होगी ट्विटर, अदालत ने दिया आदेश
अमेरिकी अरबपति एलन मस्क 28 अक्टूबर से पहले ट्विटर को खरीदने का सौदा पूरा कर सकते हैं। दरअसल, एक बार कदम पीछे करने के बाद मस्क पुराने ऑफर ही ट्विटर को खरीदने पर तैयार हुए थे। हालांकि, कंपनी को भेजे पत्र में उन्होंने शर्त रखी थी कि उनके खिलाफ अदालत में ट्रायल न चलाया जाए। अब अदालत इस पर सहमत हो गई है और उन्हें 28 अक्टूबर से पहले ट्विटर खरीदने का आदेश दिया है।
ट्विटर ने खटखटाया था अदालत का दरवाजा
मस्क ने ट्विटर के एक शेयर की कीमत 54.20 डॉलर (लगभग 4,410 रुपये) लगाते हुए 44 अरब डॉलर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को खरीदने का ऑफर दिया था। जुलाई में उन्होंने सोशल मीडिया कंपनी पर समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए यह डील रद्द कर दी थी। उन्होंने ट्विटर पर बॉट अकाउंट्स की सही संख्या छिपाने और इस संबंध में अधूरी जानकारी देने का आरोप लगाया है। इसके बाद कंपनी ने उनके खिलाफ मुकदमा दायर किया था।
शुरू होने वाला था ट्रायल
ट्विटर की शिकायत पर मस्क के खिलाफ अदालत में ट्रायल जल्द ही शुरू होने वाला था, लेकिन उससे पहले मस्क ने अपना मन बदलते हुए पुराने ऑफर की पेशकश कर दी। अब अदालत ने उनकी याचिका स्वीकार करते हुए कहा कि 17 अक्टूबर से ट्रायल शुरू नहीं होगा। मस्क को 44 अरब डॉलर में 28 अक्टूबर तक ट्विटर को खरीदना होगा। अगर वो ऐसा नहीं करते हैं तो नवंबर में उनके खिलाफ ट्रायल शुरू होगा।
ट्विटर को नहीं मस्क की बातों पर भरोसा
मस्क ने डेलावेयर चांसरी अदालत से मांग की थी कि उनके खिलाफ ट्रायल रोक दिया जाए ताकि वो यह सौदा पूरा कर सके। उन्होंने कहा कि पैसा जुटाने के लिए उन्हें थोड़ा समय चाहिए। हालांकि, ट्विटर ने इसका विरोध करते हुए कहा कि समय देना और देरी का कारण बन सकता है और उसे भरोसा नहीं है कि मस्क यह सौदा पूरा करेंगे। वहीं मस्क की टीम ने 28 अक्टूबर तक यह सौदा पूरा होने की उम्मीद जताई है।
क्यों बदला मस्क का मन?
मस्क का अचानक से मन बदलना कई लोगों को हैरान कर रहा है, लेकिन माना जा रहा था कि उन्हें समझौते के तहत ट्विटर को खरीदना ही होगा। कई कानूनी जानकारों का कहना है कि अदालत से मस्क को बड़ा झटका लग सकता है और उन्हें यहां से राहत मिलने की उम्मीद न के बराबर है। ऐसे में मस्क की नई पेशकश हैरान करने वाली नहीं है। पहले से ही इसका अंदाजा लगाया जा रहा था।
बढ़ा है ट्विटर का यूजरबेस
मस्क के साथ टकराव की स्थिति के बीच कंपनी को साल 2022 की दूसरी तिमाही में 27 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ था। हालांकि, इस नुकसान के बावजूद भी ट्विटर का यूजरबेस 23.78 करोड़ यूजर्स पर पहुंच गया है। इस तरह टकराव की स्थिति और मस्क टेकओवर से जुड़ी चर्चा इसकी यूजर्स ग्रोथ को प्रभावित नहीं कर पाई। ट्विटर का कहना था कि प्रोडक्ट में किए गए सुधारों और मौजूदा इवेंट्स से जुड़ी चर्चाओं के चलते देखने को मिली है।