एलन मस्क का 2030 तक स्पेस-X की कमाई करीब 95,000 अरब रुपये तक पहुंचने का दावा
एलन मस्क ने 2030 तक स्पेस-X की सालाना कमाई 1,000 अरब डॉलर (करीब 95,000 अरब रुपये) तक पहुंचने का दावा किया है।
यह अनुमान वॉल स्ट्रीट के अंदाजों से करीब 3 गुना ज्यादा है। उन्होंने यह बात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कही है। मस्क ने यह भी बताया कि 2031 तक कंपनी की कमाई इस आंकड़े को भी पार कर सकती है।
IPO से करीब 7,100 अरब रुपये जुटाए
मस्क का यह ऐलान ऐसे समय पर आया है, जब कंपनी ने हाल ही में अपना आंरभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) जारी किया था। इससे स्पेस-X ने 75 अरब डॉलर (करीब 7,100 अरब रुपये) जुटाए, जिससे कंपनी का मूल्यांकन 2,100 अरब डॉलर (करीब 1.9 लाख अरब रुपये) तक पहुंच गया।
इस बड़ी उछाल के साथ वह अमेरिका की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक बन गई है और मस्क दुनिया के पहले खरबपति भी बन गए हैं, लेकिन कंपनी के लिए सब कुछ अच्छा नहीं है।
पिछले साल उसको करीब 5 अरब डॉलर (करीब 450 अरब रुपये) का नुकसान हुआ था और मार्च तक यह बढ़कर 8.7 अरब डॉलर (करीब 800 अरब रुपये) तक पहुंच गया। इसके अलावा, कंपनी पर 29 अरब डॉलर (करीब 2,750 अरब रुपये) का भारी कर्ज भी है। इन चुनौतियों के बीच कंपनी को उम्मीद है कि वह सिर्फ स्टारलिंक सैटेलाइट और रॉकेट लॉन्च से आगे बढ़कर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े 28,500 अरब डॉलर (करीब 27 लाख अरब रुपये) के बड़े बाजार का लाभ उठा सकेगी।