फ्लिपकार्ट की त्योहारों ग्राहकों तक फटाफट सामान पहुंचाने की तैयारी, उठाए ये कदम
फ्लिपकार्ट 9 अक्टूबर को अपनी बिग बिलियन डेज सेल के लिए जोर-शोर से तैयारी कर रहा है। इसकी लॉजिस्टिक्स कंपनी ई-कार्ट ने त्योहारों की इस भीड़-भाड़ को बेहतर तरीके से संभालने और ग्राहकों तक ऑर्डर तेजी से पहुंचाने के लिए अपने वेयरहाउस की जगह में 50 फीसदी का इजाफा किया है।
यह इजाफा 1.4 करोड़ घन फीट अतिरिक्त जगह के बराबर है। कंपनी का मकसद है कि जब लोग एक साथ खरीदारी कर रहे हों, तब भी डिलीवरी आसानी से हो सके और उनको बेहतरीन सर्विस मिले।
ऑर्डर प्रोसेसिंग क्षमता 30 फीसदी से ज्यादा बढ़ाई
ई-कार्ट ने अपनी टेक्नोलॉजी को अपग्रेड किया है, जिससे इसकी अधिकतम ऑर्डर प्रोसेस करने की क्षमता 30 फीसदी से ज्यादा बढ़ गई है। इसके डिलीवरी नेटवर्क में अब 750 से ज्यादा नए पिन कोड शामिल हो गए हैं, जिनमें लेह और कारगिल जैसे दूर-दराज के इलाके भी शामिल हैं।
फ्लिपकार्ट ने छोटे कारोबारियों और कारीगरों से 2.5 करोड़ से ज्यादा उत्पाद जमा किए हैं। इसके फ्रैंचाइजी नेटवर्क को दोगुना करके 600 तक पहुंचा दिया गया है और 900 से ज्यादा नए डिलीवरी हब भी खोले गए हैं।
इसके साथ ही, इस त्योहारी सीजन में काम सुचारु रूप से चलता रहे, इसके लिए 2.5 लाख से ज्यादा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा किए जा रहे हैं।