DLF के अध्यक्ष के वेतन में 20 फीसदी की बढ़ोतरी, अब मिलेंगे 44 करोड़ रुपये से ज्यादा
देश की सबसे बड़ी रीयल एस्टेट कंपनी DLF ने अपने अध्यक्ष और पूर्णकालिक निदेशक राजीव सिंह के वेतन में 20 फीसदी की बढ़ोतरी की है।
उन्हें वित्त वर्ष 2025-26 में 44.06 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में उन्हें 36.65 करोड़ रुपये मिले थे।
कंपनी की सालाना रिपोर्ट के अनुसार, उनका वेतन तयशुदा भुगतान, प्रदर्शन बोनस, कमीशन और दूसरे भत्तों को मिलाकर तय होता है। यह भुगतान उनके और कंपनी के प्रदर्शन पर आधारित होता है।
कंपनी का मुनाफा 4,414.68 करोड़ रुपये
DLF के प्रबंध निदेशकों के वेतन में भी इजाफा हुआ है। अशोक कुमार त्यागी को 15.3 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया, जिसमें एक बड़ा कमीशन भी शामिल था, वहीं देविंदर सिंह का वेतन 24 फीसदी बढ़कर 17.52 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी के वित्तीय नतीजे भी अच्छे रहे। इसको वित्त वर्ष 2025-26 में 4,414.68 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ, जो पिछले साल के मुकाबले थोड़ा ज्यादा था। कुल कमाई भी बढ़कर करीब 9,816 करोड़ रुपये हो गई।
हालांकि बिक्री बुकिंग में 5 फीसदी की गिरावट जरूर आई है, फिर भी कंपनी ने शहरी विकास में अपनी अगुवाई बरकरार रखी है। DLF ने अब तक 185 से ज्यादा प्रोजेक्ट पूरे कर लिए हैं और कई और प्रोजेक्ट्स पाइपलाइन में हैं।