इस दीवाली पर भारतीय परिवारों ने पुरानी परंपराओं के साथ नए जमाने के रुझानों को भी खूब अपनाया। इंस्टामार्ट पर सोने और चांदी के सिक्कों की तो खूब धूम मची।
एक तरफ, जहां सोने की कीमतों में पिछले साल के मुकाबले 10 फीसदी का उछाल आया, वहीं लोगों ने इन्हें खरीदने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
पार्टी की तैयारियों से जुड़े ऑर्डर में 162 फीसदी की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई और सूखे मेवों वाले गिफ्ट पैक की बिक्री दोगुनी से भी ज्यादा हो गई।
इन आंकड़ों से साफ है कि त्योहार की रौनक और तोहफे देने का सिलसिला पूरे जोर-शोर से चल रहा था।
हीरों की बिक्री 8 साल में सबसे ऊपर
बीते दशकों में तीसरी बार ऐसा हुआ कि सोने की बिक्री ने इतना ऊंचा स्तर छुआ, वहीं हीरों की बिक्री भी पिछले 8 सालों में दूसरे सबसे बड़े आंकड़े पर रही।
यह दिखाता है कि त्योहारों के मौके पर लोग आज भी निवेश करना पसंद करते हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स की दुनिया में भी इस साल चमक देखने को मिली।
हाइजो की रिपोर्ट के मुताबिक, औसत ऑर्डर वैल्यू में 76 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और टेलीविजन की बिक्री 18 गुना से भी ज्यादा हो गई।
डिजिटल भुगतान ने भी इस दीवाली पर खूब रफ्तार पकड़ी। बड़ी संख्या में खरीदारों ने यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) और लचीले भुगतान के विकल्पों को चुना, ताकि त्योहारों की खरीदारी आसान हो और जेब पर ज्यादा बोझ भी न पड़े।