ऑटोपार्ट्स निर्माता धूत ट्रांसमिशन ला रही 1,400 करोड़ रुपये का IPO
बजाज और TVS मोटर जैसी कंपनियों के लिए वायरिंग हार्नेस बनाने वाली धूत ट्रांसमिशन ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड
(SEBI) के पास अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) से जुड़े नए दस्तावेज दाखिल किए हैं।
कंपनी का लक्ष्य नए शेयर जारी करके 1,400 करोड़ रुपये जुटाना है। इस IPO के तहत 1.63 करोड़ इक्विटी शेयरों तक की बिक्री पेशकश (OFS) की जाएगी और BC एशिया इन्वेस्टमेंट्स XV लिमिटेड और मंगलम कैपिटल भी अपनी कुछ हिस्सेदारी बेचेंगे।
494 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाएगी
IPO से जुटाए गए फंड का एक बड़ा हिस्सा करीब 494 करोड़ रुपये कंपनी के कर्ज चुकाने में इस्तेमाल होगा। इसके अलावा, 273 करोड़ रुपये से उसकी सहायक कंपनियों के कर्ज भी चुकाए जाएंगे।
धूत हरियाणा और तमिलनाडु में नई फैक्ट्रियां लगाने के लिए 150 करोड़ रुपये का निवेश करने की भी योजना बना रही है।
पिछले वित्तीय वर्ष में कंपनी का राजस्व 62 फीसदी बढ़कर 3,445 करोड़ रुपये रहा, जबकि मुनाफा दोगुना होकर 354 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी के शेयर BSE और NSE दोनों पर लिस्ट होंगे।