सैम ऑल्टमैन AI सुरक्षा पर एलन मस्क के साथ हाथ मिलाने को तैयार
OpenAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सैम ऑल्टमैन ने हाल ही में कहा है कि वे एलन मस्क के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं, भले ही उनके रिश्ते में तनाव रहा हो।
वैनिटी फेयर को दिए एक साक्षात्कार में ऑल्टमैन ने स्वीकार किया कि मस्क कई बार 'बुली' की तरह व्यवहार करते हैं। उनका कहना है कि जैसे-जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम और ताकतवर होते जा रहे हैं और उनका इस्तेमाल बढ़ता जा रहा है, कंपनियों पर अब उनकी सुरक्षा को लेकर मिलकर काम करने का दबाव बढ़ रहा है।
दूसरी कंपनियों से भी मिलाया था हाथ
ऑल्टमैन और मस्क के बीच OpenAI के मकसद को लेकर मतभेद हुए, जिसके बाद मुकदमेबाजी और सार्वजनिक तौर पर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चला।
इसके बावजूद, ऑल्टमैन का मानना है कि AI को जिम्मेदारी से विकसित करने के लिए सबको एक साथ आना जरूरी है, भले ही इसके लिए मस्क जैसे प्रतिद्वंद्वियों के साथ ही मिलकर क्यों न काम करना पड़े।
इसी साल की शुरुआत में OpenAI ने गूगल, एनवीडिया और कुछ अन्य कंपनियों के साथ मिलकर व्हाइट हाउस के एक ऐसे समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं, जिसका मकसद AI को और सुरक्षित बनाना है।