कोल इंडिया के तिमाही नतीजों से शेयर 3 फीसदी लुढ़के
कोल इंडिया के शेयर मंगलवार (28 जुलाई) सुबह 3 फीसदी से ज्यादा गिर गए। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर शेयर की कीमत 414.65 रुपये पर आ गई।
कंपनी के पहली तिमाही (Q1) के नतीजे सामने आने के बाद यह गिरावट देखी गई। कंपनी ने इस तिमाही में अपने शुद्ध मुनाफे में 0.7 फीसदी की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की, जो 8,849 करोड़ रुपये रहा।
बढ़ते खर्च और मिले-जुले वित्तीय आंकड़ों के चलते निवेशकों को ये नतीजे लुभा नहीं पाए, जिससे बाजार में शेयरों की बिकवाली तेज हो गई।
ब्रोकरेज के अलग-अलग विचार
कोल इंडिया के भविष्य को लेकर ब्रोकरेज फर्मों की राय बंटी हुई है। एक तरफ जेफरीज अभी भी आशावादी है, जिसने 'खरीदें' रेटिंग दी है।
उनका मानना है कि अगर, मानसून कमजोर रहा तो बिजली की मांग बढ़ सकती है, जिससे कंपनी की बिक्री में सुधार आने की उम्मीद है।
दूसरी ओर, सिटी, जेपी मॉर्गन और मॉर्गन स्टेनली ने सावधानी भरा रुख अपनाया है। उन्होंने शेयर के लिए 'न्यूट्रल' रेटिंग देते हुए अपने लक्ष्य मूल्य भी तय किए हैं।
सिटी और जेपी मॉर्गन ने 430 रुपये, जबकि मॉर्गन स्टेनली ने 420 रुपये का लक्ष्य रखा है। उनकी मुख्य चिंताओं में धीमी बिक्री रफ्तार, नीलामी में मिलने वाले कम दाम, इस वित्तीय वर्ष में मजदूरी बढ़ने से होने वाले ऊंचे खर्च और स्टॉक का बढ़ना शामिल हैं।