दीपिंदर गोयल की टेंपल का दोगुना हुआ मूल्यांकन, कर्मचारियों के लिए बायबैक प्रोग्राम पेश
ईटरनल के संस्थापक दीपिंदर गोयल की वियरेबल टेक स्टार्टअप टेंपल का मौजूदा मूल्यांकन अब 37.50 करोड़ डॉलर (करीब 3,500 करोड़ रुपये) तक पहुंच गई है।
यह साल की शुरुआत में रहे कंपनी के मूल्यांकन से लगभग दोगुना है। अपनी इस शानदार ग्रोथ का जश्न मनाने के लिए टेंपल ने एक कर्मचारी स्टॉक विकल्प योजना (ESOP) लिक्विडिटी प्रोग्राम लॉन्च किया है।
इस बायबैक के जरिए कंपनी अपने करीब 20 शुरुआती कर्मचारियों को उनके शेयरों का 25 फीसदी तक कैश करने का मौका दे रही है।
कंपनी की पहले कॉमर्शियल लॉन्च की तैयारी
टेंपल अपनी पहली कॉमर्शियल लॉन्चिंग की तैयारी कर रही है। इसके लिए एथेरियल मशीन और जेटवर्क जैसी कंपनियां उसके डिवाइसेज बनाने में सहयोग कर रही हैं।
ESOPs की बदौलत कर्मचारियों के पास कंपनी का 10 फीसदी हिस्सा है, जबकि गोयल की इसमें 28 फीसदी हिस्सेदारी है।
स्टीडव्यू कैपिटल और पीक XV पार्टनर्स जैसे बड़े निवेशकों के अलावा विजय शेखर शर्मा और कुणाल शाह जैसे एंजेल इंवेस्टर्स भी इस कंपनी का समर्थन कर रहे हैं। इस साल की शुरुआत में 5.4 करोड़ डॉलर (करीब 500 करोड़ रुपये) का सीड राउंड हासिल करने के बाद से ही टेंपल में निवेशकों की काफी दिलचस्पी देखी जा रही है। ऐसे शुरुआती चरण में इसका यह बायबैक का फैसला, जो आमतौर पर कम ही कंपनियों में देखने को मिलता है, यह कंपनी के भविष्य में निवेशकों के मजबूत भरोसे को दिखाता है।