कल्ट फिटनेस के सह संस्थापक ने पूर्व सह संस्थापक पर लगाए गंभीर आरोप
कल्ट फिटनेस प्राइवेट लिमिटेड के सह संस्थापक दीपक पोदुवल ने अपने पूर्व सह संस्थापक और साले ऋषभ तेलंग के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पोदुवल का आरोप है कि तेलंग ने 2016 में उनके हस्ताक्षर जाली किए थे, ताकि उनकी कंपनी को भंग किया जा सके।
इस धोखाधड़ी के चलते पोदुवल अपनी 50 फीसदी हिस्सेदारी गंवा बैठे और उन्हें कोई भुगतान भी नहीं मिला। यह FIR 6 अगस्त को बेंगलुरु में दर्ज की गई है।
तेलंग ने आरोपों को नकारा
पोदुवल का कहना है कि उन्हें इस साल ही इस कथित जाली हस्ताक्षर के बारे में पता चला, जब उन्होंने सरकारी रिकॉर्ड्स की जांच की।
दूसरी तरफ, कल्ट डॉट फिट ने साफ किया है कि उनका नाम FIR में नहीं है और पुलिस ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया है।
तेलंग ने सभी आरोपों को सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि यह मामला असल में एक प्रॉपर्टी सेटलमेंट केस से जुड़ा हो सकता है, जिसे उनकी बहन (दीपक पोदुवल की पत्नी) ने 1 जुलाई को पोदुवल के खिलाफ दर्ज करवाया था। शायद इसी वजह से अब यह मामला सामने आया है। यह विवाद तब चर्चा में आया जब कल्ट डॉट फिट ने अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) फाइल किया।