चीनी कंपनी की धमाकेदार शुरुआत से सेमीकंडक्टर बाजार में भारी बिकवाली
28 जुलाई को चीन की कंपनी चांग्शिन मेमोरी टेक्नोलॉजीज (CXMT) शंघाई स्टार मार्केट में लिस्ट हुई। इसके बाद वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार में हलचल मच गई।
कंपनी के शेयरों में 500 फीसदी का जबरदस्त उछाल आया और इसका मूल्यांकन 540 अरब डॉलर (करीब 51,000 अरब रुपये) तक पहुंच गई।
इससे यह डर पैदा हो गया कि चीन के चिप्स ऐपल जैसी बड़ी कंपनियों तक उम्मीद से पहले पहुंच सकते हैं। इस वजह से दक्षिण कोरिया से लेकर जापान तक के बाजारों में बिकवाली शुरू हो गई। हालांकि, भारत का निफ्टी 50 इंडेक्स मंगलवार सुबह सपाट खुला और इसने थोड़ी बढ़त भी हासिल कर ली।
निफ्टी में बढ़त, IT शेयरों में तेजी
निफ्टी ने 23,971.25 पर कारोबार की शुरुआत की और सुबह इसमें हल्की बढ़त देखी गई। इस बढ़त की एक वजह सोमवार का अच्छा प्रदर्शन भी रहा, जो पिछले मुश्किल सप्ताह के बाद आया था।
सेमीकंडक्टर बाजार में वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) (3 फीसदी से ज्यादा ऊपर), इंफोसिस, टेक महिंद्रा (2 फीसदी से ज्यादा ऊपर) और HCL टेक (1.86 फीसदी ऊपर) जैसे भारतीय IT दिग्गजों ने अच्छा प्रदर्शन किया।
विश्लेषकों का मानना है कि निफ्टी के लिए 23,800 का स्तर एक अहम सहारा बना हुआ है, वहीं तेल की कीमतों में गिरावट और रुपये की मजबूती के कारण भारतीय बाजारों को इस वैश्विक अनिश्चितता के बीच थोड़ी राहत मिली है।