CXMT के शेयरों में पहले ही दिन 535 फीसदी का जबरदस्त उछाल
CXMT कॉर्प (चांगशिन मेमोरी टेक्नोलॉजीज) ने शंघाई स्टॉक एक्सचेंज में अपनी शुरुआत के पहले ही दिन इतिहास रच दिया।
कंपनी के शेयर 535 फीसदी उछलकर 55.03 युआन (करीब 800 रुपये) पर पहुंच गए, जबकि आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) के समय इसकी कीमत सिर्फ 8.66 युआन (करीब 120 रुपये) थी।
कंपनी के भविष्य पर विश्लेषकों की राय बंटी
पूरी दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती मांग की वजह से मेमोरी चिप्स की डिमांड भी खूब बढ़ रही है। ऐसे में कुछ विश्लेषक मानते हैं कि CXMT को और भी बड़ा फायदा हो सकता है।
नोमुरा का अनुमान है कि इसके शेयरों में 1,239 फीसदी तक का बड़ा उछाल आ सकता है, लेकिन हर कोई इस बात से सहमत नहीं है।
नोमुरा जहां उम्मीद जता रहा है कि 2028 तक CXMT की बाजार हिस्सेदारी मौजूदा 10 फीसदी से बढ़कर 18 फीसदी हो जाएगी, वहीं मॉर्निंगस्टार की चेतावनी है कि तकनीकी दिक्कतों के चलते इसकी रफ्तार धीमी पड़ सकती है।
कंपनी को सैमसंग और माइक्रोन जैसी दिग्गज कंपनियों से कड़ी टक्कर मिल रही है। हालांकि, इसकी दमदार शुरुआत ने निवेशकों का ध्यान खींचा है और अब वे करीब से देख रहे हैं कि कंपनी अपनी इस रफ्तार को बनाए रख पाती है या नहीं।