कर्सर ने भारतीय डेवलपर्स के लिए पेश किया कर्सर स्टार्ट प्लान, जानिए कितनी है कीमत
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कोडिंग प्लेटफॉर्म कर्सर ने भारतीय डेवलपर्स के लिए खास तौर पर कर्सर स्टार्ट नाम का एक नया सब्सक्रिप्शन लॉन्च किया है, जिसकी कीमत 649 रुपये प्रति महीने है।
यह लॉन्च ऐसे समय पर हुआ है, जब कंपनी को 60 अरब डॉलर (करीब 5,700 अरब रुपये) में स्पेस-X द्वारा अधिग्रहण की तैयारी कर रही है।
भारत अब कर्सर का तीसरा सबसे बड़ा बाजार बन गया है। पिछले एक साल में इसके यूजर्स की संख्या 3 गुना से भी ज्यादा हो गई है। इससे साफ है कि कंपनी भारत के तेजी से बढ़ते डेवलपर समुदाय पर बड़ा दांव लगा रही है।
इस प्लान के साथ मिलेंगी ये सुविधाएं
कर्सर स्टार्ट में यूजर्स को कंपोजर 2.5, ग्रोक 4.5, ज्यादा फ्री-टियर लिमिट, प्लगइन्स, क्लाउड एजेंट्स और UPI पेमेंट जैसे फीचर्स मिलेंगे।
यह सब कम कीमत पर मिलेगा क्योंकि इसमें कुछ प्रो फीचर्स शामिल नहीं किए गए हैं। कर्सर के अध्यक्ष साइमन ग्रीन ने बताया कि यह फैसला भारत के डेवलपर समुदाय को ध्यान में रखकर लिया गया है।
गिटहब के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में 2.7 करोड़ डेवलपर्स हैं। कंपनी बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद और मुंबई जैसे शहरों में अपनी उपस्थिति बढ़ा रही है और स्थानीय स्तर पर भर्तियां भी कर रही है।