एनवीडिया CEO पर लगे आरोपों की होगी जांच, कंपनी ने बड़ी कानूनी फर्म को सौंपी जिम्मेदारी
क्या है खबर?
अमेरिकी चिप कंपनी एनवीडिया ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेन्सेन हुआंग से जुड़े कथित चीनी जासूसी विवाद की जांच कराने का फैसला किया है। कंपनी स्वतंत्र पड़ताल कराएगी कि हुआंग को किसी विदेशी खुफिया अभियान के तहत निशाना बनाया गया था या नहीं। मामला एक महिला से उनके कथित संबंधों और उसके चीन की खुफिया एजेंसी से जुड़े होने के संदेह के कारण चर्चा में है। अमेरिकी सांसद भी इस पर सवाल उठा रहे हैं।
कंपनी
कंपनी ने इन फर्मों को किया हायर
कानूनी जांच की जिम्मेदारी एनवीडिया के स्वतंत्र निदेशकों ने अमेरिकी फर्म वॉचटेल, लिप्टन, रोसेन एंड काट्ज को सौंपी है।
इसकी अगुवाई न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले के पूर्व कार्यवाहक अमेरिकी अटॉर्नी जून एच. किम करेंगे। कंपनी ने इससे पहले अपनी सार्वजनिक छवि और मीडिया से बातचीत संभालने के लिए जनसंपर्क फर्म हेलर इंक को भी नियुक्त किया था।
इन दोनों की जिम्मेदारियां अलग हैं। वॉचटेल कानूनी जांच करेगी, जबकि हेलर संचार रणनीति में मदद करेगी।
विवाद
एलिस हुआंग से जुड़ा है पूरा विवाद
इस विवाद में एलिस हुआंग का नाम सामने आया है, जो सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल में अधिकारी रह चुकी हैं।
अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को शक है कि चीन की मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी ने उन्हें भर्ती किया था।
रिपोर्ट के अनुसार, एलिस और जेन्सेन के बीच उस समय कथित संबंध बने, जब वह ऐसी कंपनी में काम कर रही थीं जो एनवीडिया के उन्नत AI चिप खरीदती थी।
शेयर
शेयरों में गिरावट
हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे मैसेज में पत्नी को धोखा देने की बात स्वीकार की और परिवार तथा सहकर्मियों से माफी मांगी।
उन्होंने जांच में सहयोग का भरोसा दिया है। सांसदों ने उनसे एलिस के साथ संपर्क और सुरक्षा व्यवस्था पर जवाब मांगा है। शेयरधारकों ने निवेशकों से जोखिम छिपाने का आरोप लगाया है।
विवाद के बाद एनवीडिया की बाजार कीमत 2 कारोबारी सत्रों में 430 अरब डॉलर घट गई। चीन ने ये सभी आरोप खारिज किए हैं।