कॉग्निजेंट ने एक बड़ा अनुबंध अपने नाम किया है। कंपनी को नेटवर्क रेल के डाटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर को करीब 7 साल तक चलाने के लिए 13.32 करोड़ पाउंड (करीब 1,600 करोड़ रुपये) का ठेका मिला है।
इस लंबी अवधि के प्रोजेक्ट को हासिल करने के लिए कॉग्निजेंट ने टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), HCL टेक, DXC टेक्नोलॉजी और एटोस IT सर्विसेज यूनाइटेड किंगडम (UK) जैसी दिग्गज कंपनियों को पछाड़ दिया। नेटवर्क रेल इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ब्रिटेन की एक बड़ी रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर संस्था है।
अनुबंध की दौड़ में थीं 5 कंपनियां
यह अनुबंध UK के प्रोक्योरमेंट एक्ट 2023 के तहत एक सख्त चयन प्रक्रिया के बाद दिया गया है। इस प्रक्रिया में 5 कंपनियां फाइनल राउंड तक पहुंची थीं।
डाटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज मुहैया कराने के लिए कॉग्निजेंट को चुना गया। इस फैसले की आधिकारिक घोषणा 11 नवंबर को हुई थी, लेकिन फिलहाल 23 नवंबर तक इस पर रोक लगाई गई है।
ऐसा इसलिए किया गया है, ताकि बाकी बोली लगाने वाली कंपनियां इस नतीजे की समीक्षा कर सकें और उसके बाद ही सब कुछ फाइनल होगा।