सेंटेन को हेल्थकेयर ऑपरेशन के लिए मिलेगी कॉग्निजेंट के AI टूल्स की मदद
अमेरिकी हेल्थ इंश्योरर सेंटेन के साथ कॉग्निजेंट ने एक बड़ी टेक्नोलॉजी साझेदारी की है। यह कई साल का समझौता है, जिसकी कीमत 50 करोड़ डॉलर से एक अरब डॉलर (करीब 45-90 अरब रुपये) तक हो सकती है। इस साझेदारी का मुख्य लक्ष्य ऑटोमेशन को बढ़ावा देना और हेल्थकेयर ऑपरेशंस को ज्यादा सुचारू बनाना है। यह सब कॉग्निजेंट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रवि कुमार के स्मार्ट हेल्थकेयर टेक के बड़े विजन का ही हिस्सा है।
AI की मदद से दावों का निपटारा होगा आसान
कॉग्निजेंट अपने ट्राइजेटो सॉफ्टवेयर और एजेंटिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स (फ्लोसोर्स और एजेंट फाउंड्री) को सेंटेन में लागू करेगा।
इन टूल्स की मदद से सेंटेन मेडिकल बिलिंग, दावों के निपटारे और कस्टमर कॉल सेंटर जैसे कामों को और कुशलता से संभाल पाएगा।
यह 2016 में हुए कॉन्ट्रैक्ट रीस्ट्रक्चरिंग के बाद दोनों कंपनियों के बीच पहली बड़ी साझेदारी होगी। इस बारे में ज्यादा जानकारी 29 जुलाई को सामने आएगी, जब कॉग्निजेंट अपनी दूसरी तिमाही (Q2) कमाई के आंकड़े जारी करेगी।