कोल इंडिया अगले साल अपनी 2 सहायक कंपनियों- नॉर्दर्न कोलफील्ड्स और सेंट्रल कोलफील्ड्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की योजना बना रही है।
कंपनी का लक्ष्य है कि वह इन दोनों कंपनियों में से हर एक में 10 फीसदी हिस्सेदारी बेचकर करीब 4,000-5,000 करोड़ रुपये जुटाए।
इस सिलसिले में कंपनी ने बैंकर्स के साथ शुरुआती बातचीत की है। उम्मीद की जा रही है कि अगले साल की शुरुआत में ही बैंकर्स की अंतिम नियुक्ति हो जाएगी।
सभी सहायक कंपनियों को सूचीबद्ध कराने का लक्ष्य
यह कदम कोल इंडिया की एक बड़ी योजना का हिस्सा है। कंपनी चाहती है कि 2030 तक उसकी सभी सहायक कंपनियां शेयर बाजार में लिस्ट हो जाएं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी इस बारे में निर्देश दिए हैं।
इन IPO से कुल मिलाकर लगभग 11,900 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे। इस पैसे का इस्तेमाल कोल इंडिया केवल कोयले के कारोबार तक सीमित न रहकर खनिज, बिजली और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे दूसरे क्षेत्रों में भी पैर पसारने के लिए करेगी।
इसी महीने महानदी कोलफील्ड्स भी लिस्ट होने वाली है और अगले साल साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स की लिस्टिंग की भी योजना है। इससे साफ पता चलता है कि बदलते ऊर्जा परिदृश्य में कोल इंडिया भी अपनी प्रतिस्पर्धा बनाए रखना चाहती है।